Saturday, 19 April 2025, 11:38,

केंद्रीय मंत्री चिराग से मिल बड़ी मां हुई भावुक, चाचा पशुपति पर लगाया घर तोड़ने का आरोप

केंद्रीय मंत्री चिराग से मिल बड़ी मां हुई भावुक, चाचा पशुपति पर लगाया घर तोड़ने का आरोप

खगड़िया : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बिहार में अपने पैतृक गांव खगड़िया स्थित शहरबन्नी पहुंचे। यहां वह अपनी बड़ी मां राजकुमारी देवी से मिले और उनका हालचाल जाना। चिराग को देखते ही राजकुमारी देवी भावुक हो गईं। वह पिछले कई दिनों से चिराग से मिलना चाह रही थीं। यहां वह अपनी मां के साथ बंद कमरे में करीब 35 मिनट रुके। चिराग के साथ खगड़िया सांसद राजेश वर्मा और जमुई सांसद अरुण भारती भी मौजूद थे।

चाचा पर बरसे चिराग पासवान...

शहरबान्नी पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मीडिया से कहा कि- 'मैं घर की बात बाहर नहीं कहना चाहता। लेकिन मेरे चाचा और चाची ने मुझको  मजबूर किया है। सत्ता सुख के लिए पहले मेरी मां और मुझे दिल्ली के घर से बाहर किया। अब चाचा मेरी बड़ी मां को घर से बेघर करना चाहते हैं। अपने पिता के मृत्यु के बाद दोनों मां की जिम्मेदारी मेरी है। इसे मैं निभाउंगा।'

चिराग बोले - चाचा बताएं, किस तरह का बंटवारा चाहते हैं

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगे कहा कि - पिछले कुछ दिनों से परिवार के ही कुछ सदस्यों द्वारा जो उम्र और अनुभव में मुझसे काफी बड़े है और आर्थिक महत्वकांक्षा की आड़ में मेरी बड़ी मां को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है जो कतई स्वीकार नहीं है। आने वाले दिनों में सबको माकूल जवाब मिलेगा। चाचा और चाची बंटवारा चाहते हैं। मैं इसके लिए तैयार हैं। लेकिन,पहल उनकी होनी चाहिए कि वो किस तरह का बंटवारा चाहते हैं। चाचा पशुपति पारस की ऐसी कई बेनामी संपत्ति है जिसे उन्होंने छुपाया है। अगर चाचा बंटवारा चाहते हैं तो उस बेनामी संपत्ति की भी जानकारी साझा करनी होगी। दिल्ली से लेकर शहरबन्नी तक की संपत्तियों का बंटवारा होना चाहिए। 

बड़ी मां से मुलाकात को चिराग में फेसबुक पर भी किया साझा

चिराग पासवान ने बड़ी मां से मुलाकात का ब्योरा फेसबुक पर भी साझा किया है। लिखा है कि - 'पापा की जन्मभूमि “शहरबन्नी” में अपनी बड़ी मां से मुलाकात किया। उनके स्वास्थ की जानकारी ली और आशीर्वाद भी प्राप्त किया।' 

बता दें कि खगड़िया के शहरबन्नी गांव में रामविलास पासवान का पैतृक घर है। आरोप है कि पशुपति कुमार पारस और दिवंगत रामचंद्र पासवान की पत्नियों ने उस घर के कमरों में ताला मार दिया है। उसके बाद से रामविलास की पहली पत्नी राजकुमारी देवी बहुत ही बीमार हैं।

राजकुमारी देवी ने चिराग पासवान से कहा था कि वह खगड़िया आएं और संपत्तियों का बंटवारा करें। चिराग से बातचीत के दौरान राजकुमारी देवी काफी भावुक हो गईं और उनके आंखों से आंसू निकल गए। अपने पारिवारिक विवाद के बाद रविवार को खगड़िया के शहरबान्नी पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पहले अपनी बड़ी मां से मिले। इस दौरान उन्होंने उनको गले लगाकर उनकी स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इस दौरान मां राजकुमारी देवी ने कहा कि वह उन्हीं का इंतजार कर रही थी। वहीं मां से मिलकर चिराग ने अपने पिता रामविलास पासवान के स्मारक पर श्रद्धांजलि भी दिया। बता दें कि राजकुमारी देवी पूर्व केंद्रीय मंत्री और चिराग के पिता रामविलास पासवान की पहली पत्नी हैं। उनको कुछ दिन पहले घर से निकाले जाने का मामला खूब तूल पकड़ा था।

Share

Leave a Comment

Please login to comment.

Login with Phone Number

Comments (0)

No comments yet. Be the first to comment!